नगर निगम कार्यकारिणी में जनहित के मुद्दों पर पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने उठाई आवाज

कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
सहारनपुर। नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने कर्मचारियों की वेतन वृद्धि, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, सड़क निर्माण, भ्रष्टाचार और विभिन्न वार्डों की समस्याओं सहित कई जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने नगर निगम के सफाई कर्मचारी एवं लाइट विभाग में कार्यरत 21 कर्मचारियों की वेतन वृद्धि की मांग मजबूती से रखी। उन्होंने कहा कि ये कर्मचारी पिछले करीब 15 से 25 वर्षों से हेल्पर पद पर कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा नगर निगम में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटरों के वेतन में भी वृद्धि की जानी चाहिए, ताकि कर्मचारियों को परिवार की आजीविका चलाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने हबीबगढ़ रोड की मुख्य सड़क के निर्माण का मुद्दा भी कार्यकारिणी के समक्ष रखा, जिसे स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही नगर के अधिकांश वार्डों में खराब पड़ी एलईडी स्ट्रीट लाइटों की समस्या पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इसे किसी भी सूरत में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रत्येक वार्ड का सर्वे कराकर खराब लाइटों की मरम्मत तथा आवश्यकता के अनुसार नई लाइटें लगाने की मांग की।

कार्यकारिणी बैठक में टैक्स विभाग के एक कर्मचारी द्वारा नामांतरण के नाम पर शहर के एक सम्मानित परिवार से कथित रूप से सुविधा शुल्क मांगने का मामला भी उठाया गया। पार्षद ने कहा कि नगर निगम में किसी भी व्यक्ति का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार को पूरी तरह समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके अलावा विभिन्न वार्डों की समस्याओं को भी उन्होंने मजबूती से कार्यकारिणी के पटल पर रखा। आगामी प्रसिद्ध गूगाल मेले के बजट को भी बैठक में पास किया गया। पार्षद ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।



