राखी के धागे में सजा भाई-बहन के प्रेम का अटूट बंधन
बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी, दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना, भाइयों ने उपहार देकर बहनों की रक्षा का लिया संकल्प

कलयुग दर्शन (24×7)
अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)
सहारनपुर। जनपद में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व हर्षाेल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही घर-घर में रक्षाबंधन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। बहनों ने विधि-विधान से भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी दीर्घायु, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों को उपहार और शगुन भेंट कर जीवनभर उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया। पर्व को लेकर पूरे जिले में दिनभर खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा। सुबह से ही बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। राखी, मिठाइयों और उपहारों की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही।

बहनें अपने भाइयों के लिए सुंदर-सुंदर राखियां और उपहार खरीदती नजर आईं। वहीं, भाइयों ने भी अपनी बहनों के लिए कपड़े, आभूषण, मिठाई और अन्य उपहार खरीदे। रक्षाबंधन के अवसर पर परिवारों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारी और उनकी कलाई पर राखी बांधी। इसके बाद भाइयों का मुंह मीठा कराया गया। भाइयों ने भी बहनों को उपहार और शगुन देकर उनके सुखी जीवन की कामना की। रक्षाबंधन पर्व को लेकर बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। त्रिशा जैन, आदित्री, आराध्या एवं सानवी ने अपने भाइयों अद्विक एवं सत्यम की कलाई पर राखी बांधी।

राखी बांधने के बाद भाइयों को मिठाई खिलाई गई और उन्हें उपहार भी दिए गए। भाई-बहन के इस स्नेहपूर्ण पल ने परिवार में खुशियां बिखेर दीं। इसी क्रम में आदित्री जैन ने अपने भाई मोहित के हाथ पर राखी बांधी। राखी बांधने के बाद भाई मोहित ने अपनी बहन को शगुन और उपहार भेंट किया तथा उसकी हमेशा रक्षा करने का संकल्प लिया। परिवार के सदस्यों ने भाई-बहन को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।



