मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासन अलर्ट, उच्चाधिकारियों ने किया व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण
कलयुग दर्शन (24×7)
मो नदीम (संपादक)
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रस्तावित सहारनपुर आगमन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक, रेंज सहारनपुर अभिषेक सिंह, जिलाधिकारी सहारनपुर मनीष बंसल तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर आशीष तिवारी द्वारा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम से जुड़ी समस्त व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड/आगमन मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा घेरा, यातायात डायवर्जन तथा भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।

वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, एंटी-सैबोटाज चेकिंग तथा यातायात प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों की भी व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है और सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।



