एसएएम इंटर कॉलेज में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित, छात्रों को नशे से दूर रहने की दी प्रेरणा

कलयुग दर्शन (24×7)
अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)
सहारनपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एसएएम इंटर कॉलेज में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार गुप्ता के निर्देशन में आयोजित शिविर में छात्र-छात्राओं को विधिक जागरूकता, कानूनी सहायता एवं सहयोग, बाल विवाह उन्मूलन, नशा मुक्ति तथा स्वास्थ्य एवं कल्याण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के इंस्पेक्टर नवीन कुमार राणा ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें किसी भी प्रकार के नशे की लत में नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा माफिया कम उम्र के छात्र-छात्राओं को नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए माध्यम बनाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को जागरूक रहते हुए स्वयं को नशे के जाल से बचाना होगा। जिला चिकित्सालय के डिस्ट्रिक्ट कंसलटेंट मुदस्सिर अली ने नशे से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि नशे की लत बहुत आसानी से लग जाती है, लेकिन इससे बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो जाता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

सिविल कोर्ट से चीफ डिफेंस कौंसिल अमित मेहरा, निर्दाेष कुमार, अर्पित कुमार एवं बसंत जी ने अपने विचार और अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को कानून एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। वहीं जिला चिकित्सालय से बुशरा अंसारी एवं कविता कुमारी ने छात्राओं को वर्तमान सामाजिक परिवेश, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार गुप्ता ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों एवं वक्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नशा सहित अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा अपने जीवन को सही दिशा में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन भूगोल प्रवक्ता ब्रिजेश पुंडीर ने किया। इस अवसर पर कला प्रवक्ता नवीन गुलाटी, समाजशास्त्र प्रवक्ता अंजू गालिहान सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



