उत्तर प्रदेश

आईआईटी रुड़की और सहारनपुर विकास प्राधिकरण के बीच ऐतिहासिक समझौता

तकनीकी सहयोग, अनुसंधान और आधुनिक तकनीक के जरिए विकास परियोजनाओं को मिलेगी नई दिशा

कलयुग दर्शन (24×7)

मो नदीम (संपादक)

सहारनपुर। नगर के बुनियादी ढांचे और तकनीकी विकास को नई दिशा देने की दिशा में सहारनपुर विकास प्राधिकरण (एसडीए) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के बीच महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संपन्न हुआ। समझौते के तहत सहारनपुर विकास प्राधिकरण और आईआईटी रुड़की के बीच अनुसंधान, तकनीकी सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रयोगशालाओं एवं सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना तथा प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रशिक्षण के लिए भी दोनों संस्थान मिलकर कार्य करेंगे। एमओयू के माध्यम से आईआईटी रुड़की के छात्रों को सहारनपुर विकास प्राधिकरण की विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़कर इंटर्नशिप और वर्क स्टडी कार्यक्रमों में भाग लेने के अवसर भी उपलब्ध होंगे। इससे छात्रों को व्यावहारिक अनुभव मिलने के साथ ही प्राधिकरण को तकनीकी और शोध आधारित विशेषज्ञता का लाभ प्राप्त होगा।

सहारनपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री सूरज पटेल (आईएएस) ने कहा कि यह पहल सहारनपुर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि आईआईटी रुड़की जैसे प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थान के साथ सहयोग से विकास परियोजनाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। इससे भविष्य की परियोजनाओं को अधिक प्रभावी, टिकाऊ और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस समझौते का उद्देश्य केवल तकनीकी सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि अनुसंधान, प्रशिक्षण और ज्ञान के आदान-प्रदान के माध्यम से सहारनपुर के समग्र विकास को नई गति देना भी है। एमओयू के माध्यम से दोनों संस्थानों के बीच दीर्घकालिक सहयोग की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

Related Articles

Back to top button