गोदाम चोरी का खुलासा, दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार

कलयुग दर्शन (24×7)
हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)
सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना कुतुबशेर पुलिस ने गोदाम में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एक ग्राइंडर भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, थाना कुतुबशेर क्षेत्र के हाकमशाह कॉलोनी निवासी शहजाद पुत्र इरशाद ने 23 अप्रैल 2026 की रात अपने गोदाम से ग्राइंडर मशीन, ट्यूबवेल मोटर के पार्ट्स और करीब 50-60 किलोग्राम ट्रैक्टर के सामान चोरी होने की तहरीर दी थी। इस संबंध में थाना कुतुबशेर पर मुकदमा संख्या 176/2026, धारा 305(1) एवं 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपी सुलेमान उर्फ सोनू पुत्र सलीम, निवासी नाज कॉलोनी, थाना कुतुबशेर को दबनी कब्रिस्तान जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया।

उसके कब्जे से चोरी का एक ग्राइंडर बरामद हुआ। मामले में एक अन्य आरोपी आसिफ उर्फ गांधी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है। पूछताछ में सुलेमान ने बताया कि वह अपने साथी आसिफ के साथ मिलकर रात में गोदामों और अन्य स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। चोरी का सामान राह चलते लोगों को मजबूरी का बहाना बनाकर बेच देते थे और रुपये आपस में बराबर बांट लेते थे। आरोपी ने कुतुबशेर के अलावा नकुड़ और कोतवाली देहात क्षेत्र में भी चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।



