सपा ने मनाया ‘संविधान-मानस्तंभ स्थापना दिवस’, संविधान और आरक्षण की रक्षा का लिया संकल्प

कलयुग दर्शन (24×7)
हैदर अंसारी (सहारनपुर जिला प्रभारी)
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘आरक्षण दिवस’ को ‘संविधान-मानस्तंभ स्थापना दिवस’ के रूप में मनाया। इस अवसर पर अंबाला रोड स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में संविधान एवं आरक्षण की रक्षा का संकल्प लिया गया और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद ने कहा कि 26 जुलाई का दिन सामाजिक न्याय के इतिहास में महत्वपूर्ण है। इसी दिन महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रेरणा से कोल्हापुर के राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज ने अपने राज्य में आरक्षण व्यवस्था लागू की थी। आगे चलकर डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रयासों से सामाजिक न्याय को संविधान में स्थान मिला, जो लोकतंत्र की मजबूत नींव बना। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से समाजवादी पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश और देशभर में ‘संविधान-मानस्तंभ स्थापना दिवस’ मना रही है। यह ‘संविधान-मानस्तंभ’ सामाजिक न्याय और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की विचारधारा का प्रकाशस्तंभ बनकर समाज को दिशा देने का कार्य करेगा।

पूर्व मंत्री विनोद तेजियान एवं प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य रतन यादव ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान और आरक्षण व्यवस्था के साथ छेड़छाड़ करना चाहती है, लेकिन समाजवादी पार्टी ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि पीडीए की ताकत के दम पर भाजपा को सत्ता से बाहर किया जाएगा। ब्लॉक प्रमुख चौधरी ताहिर हसन, वरिष्ठ सपा नेता चौधरी अब्दुल गफूर, जिला उपाध्यक्ष किरणपाल राणा तथा अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय महासचिव कर्म सिंह ने कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान करते हुए अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दोहराया। इस दौरान रफत खान, कार्यालय प्रभारी एवं प्रवक्ता फैसल सलमानी, लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव मुस्तकीम राणा, जमाल साबरी एडवोकेट, महजबी खान, हसीन कुरैशी, अरविंद राणा, मंजू रानी, शाहिद मंसूरी, अमित जाटव, इस्लाम अल्वी, नाजिया, मनीषा, उषा वाल्मीकि, संदीप कुमार, वेदपाल पटनी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।



