जुमे की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न, पुलिस ने की शांति व भाईचारे की अपील
जामा मस्जिद समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास कड़ी सुरक्षा, अफवाह और भ्रामक पोस्ट पर पुलिस की पैनी नजर

कलयुग दर्शन (24×7)
अबलीश कुमार (सहारनपुर संवाददाता)
सहारनपुर। कलक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद से जुड़े प्रकरण के बाद शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर सहारनपुर में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर भी जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों, पुलिस बल, पीएसी एवं अर्धसैनिक बल के जवानों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों के साथ ही मिश्रित आबादी वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती गई। एसएसपी अभिनंदन सिंह ने पुलिस अधिकारियों के साथ प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों, चौराहों, संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों और मस्जिदों के आसपास पैदल मार्च किया। पुलिस बल ने संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक चेकिंग की। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, संवेदनशील स्थानों पर प्रभावी निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए। महानगर में जामा मस्जिद और उसके आसपास सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। नमाज से पहले एसएसपी अभिनंदन सिंह ने जामा मस्जिद पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। नमाज के दौरान डीआईजी अभिषेक सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह और अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जामा मस्जिद सहित प्रमुख मस्जिदों और नमाज स्थलों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की गई। थाना मंडी पुलिस ने मिश्रित आबादी एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त और फ्लैग मार्च किया। पुलिस द्वारा ड्रोन सर्विलांस के माध्यम से भी क्षेत्र की निगरानी की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस का उद्देश्य जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराना है। पुलिस टीमों ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, संभ्रांत लोगों और धर्मगुरुओं से संवाद कर शांति एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि पुलिस अधिकारी लगातार संभ्रांत नागरिकों और धर्मगुरुओं के संपर्क में हैं। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले लोगों के ज्ञापन प्राप्त किए जा रहे हैं। वहीं पूर्व में चिन्हित अराजक तत्वों पर भी लगातार निगरानी रखी जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट के सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर आपत्तिजनक सामग्री को हटवाने की प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है। सहारनपुर में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। नमाज के बाद अकीदतमंद एक-एक कर मस्जिदों से बाहर निकलते रहे। इस दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई और शहर सहित जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रही। पुलिस-प्रशासन ने आमजन से शांति, संयम, आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी देने का आग्रह किया गया।



